जर्जर मार्ग से गुजरने के लिए राहगीर मजबूर, आवागमन में हो रही परेशानी, जिम्मेदार मौन

197

जर्जर मार्ग से गुजरने के लिए राहगीर मजबूर, आवागमन में हो रही परेशानी, जिम्मेदार मौन

चंदौली : चहनियां क्षेत्र के टांडा कला बाजार स्थित पीपा पुल जाने वाले मार्ग का बुरा हाल है. जिससे लोगों को आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. शिकायत के बाद भी जिम्मेदार कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं. जिसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल व्याप्त है. वही शिकायत के बाद भी जगह-जगह गड्ढा न भरने से ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर चेताया और अपनी नाराजगी व्यक्त किया.

हजारों लोग करते है सफर

चंदौली के पूर्व सांसद व केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पाण्डेय के प्रयास से टांडा कला व कैथी के बीच स्थित गंगा नदी में लोक निर्माण विभाग द्वारा पीपा पुल बनाया गया है. जिससे आए दिन हजारों लोग चंदौली, वाराणसी व गाजीपुर से कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव का दर्शन-पूजन करने और व्यापारिक, चिकित्सालय सहित अन्य कार्यों के लिए आते-जाते है. पीपा पांटून पुल व लोहे की पटरी को हटा दिया गया है. अब लोगों को उस पार आवागमन करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है.

मंदिर के पास का रास्ता टूटकर गड्ढे में हुआ तब्दील

बरसात से पूर्व शासन के निर्देश पर हर वर्ष 15 जून को पीपा का पुल हटा दिया जाता है. इस बार भी 15 जून की मध्य रात्रि में पीपा पांटून पुल व लोहे की पटरी को हटा दिया गया. अब लोग आने-जाने के लिए नाव से सफर कर रहे हैं. घटवारी देवी मंदिर के पास का रास्ता टूटकर गड्ढा में तब्दील हो गया है. वही बगल में नाला बह रहा है. जिससे लोग फिसल कर आए दिन गड्ढे में गिरकर चोटिल हो जा रहे हैं. लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को सूचना देने के बाद भी गड्ढे भरने की जरूरत नहीं समझी गई. संबंधित विभाग के उदासीन रवैया से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है. घनश्याम पाण्डेय, विजय निषाद, रामलाल, विनय, राजेश, लालचंद, रविंद्र, अनिल, दासी आदि ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि यहां घटवारी माता मंदिर के पास रास्ते से पीपा पुलियां और नाव से जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं. गिरते पड़ते हुए राहगीर यात्रा पूरी करते है. इस मार्ग का यह गड्ढा यात्रा में अवरोधक बना हुआ है. बताया कि पिछले वर्ष भी इसी गड्ढे में कार और बाइक पलट गई थी. फिर भी इस रास्ते को संबंधित विभाग द्वारा दुरुस्त नहीं कराया गया. अगर ऐसी ही स्थिति बनी रही तो कभी भी कोई बड़ी घटना घट सकती है.