हाइवे निर्माण में बरत रहे लापरवाही से कस्बावासियों की बढ़ेगी मुसीबत, डीएम से लगाई गुहार
चंदौली : चहनियां कस्बा में हाईवे निर्माण में लापरवाही लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है. क्योंकि बरसात से पूर्व बन रही सड़क की ढलाई नही होती है तो कस्बावासियों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाएगा. लोगों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था द्वारा कस्बा को छोड़कर दुसरे स्थान पर ढलाई का कार्य करवाया जा रहा है. लोगों ने डीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए पहले चहनियां कस्बा के मार्ग की ढलाई कराने की गुहार लगाई है.

सड़क के दोनों तरफ छोड़ी गई गिट्टी
चंदौली से चहनियां व तिरगांवा तक फोर लेन हाईवे का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था द्वारा कराया जा रहा है. सड़क निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा विगत दो माह से चहनियां कस्बा के मध्य सड़क के दोनों तरफ की पटरी खोदकर और गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है. चौराहे से सकलडीहा मार्ग पर नाली इस कदर ऊंचा कर दिया गया है कि लोगों को सीढ़ी लगाकर अपने घरों में आना-जाना पड़ रहा है. कस्बा में कुछ जगहों पर ही नाली नीचे है. वही जिनकी नाली ऊंची है वहां खाई बहुत ज्यादा है. कस्बा वासियों का कहना है कि यदि बरसात से पूर्व ऊंचे नाली के पास ढलाई का कार्य नहीं किया गया तो मार्ग पर पानी भर जाएगा. जिससे कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाएगा. कस्बा में नाली ऊंचा होने व गिट्टी डालकर छोड़े जाने से वैसे ही लोगों का व्यापार मंदा पड़ा हुआ है. अगर अच्छी बारिश हो गई तो सड़क पर पानी भर जाएगा जिससे कि व्यापार पर और इसका असर पड़ सकता है. लोगों ने डीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए पहले चहनियां कस्बा के मार्ग की ढलाई कराने की गुहार लगाई है.


















