जनेश्‍वर मिश्र पार्क में अब नाइट में कर पाएंगे ईवनिंग वॉक, बदले समय को लेकर घूमने वाले नाराज

46

जनेश्‍वर मिश्र पार्क में अब नाइट में कर पाएंगे ईवनिंग वॉक, बदले समय को लेकर घूमने वाले नाराज

लखनऊ : गोमती नगर विस्तार स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में ईवनिंग वॉकर के लिए फ्री एंट्री का समय बदल दिया गया है. अब वॉकर की एंट्री रात 9 बजे होगी. वह रात 10 बजे तक पार्क में एक्सरसाइज कर सकते हैं. इसके बाद पार्क बंद हो जाएगा. नए समय को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. वॉकर इसे इवनिंग वॉक न कहकर नाइट वॉक का नाम दे रहे.

आरडब्ल्यूए के सदस्यों का कहना है कि ईवनिंग वॉक के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां भी आती हैं. हर साल पार्क में 1 अक्टूबर से ईवनिंग वॉक का समय रात 8 बजे था, लेकिन इसे एक घंटा आगे बढ़ा दिया गया है. इतनी रात में वहां वॉक करना सुरक्षा के लिहाज से गलत है. इस मुद्दे पर ईवनिंग वॉक का समय शाम 7 बजे करने के लिए एलडीए वीसी से अपील करेंगे. साथ ही लोहिया पार्क की तर्ज पर कार्ड जारी करने की भी मांग उठाएंगे.

घट गई वॉकर्स की संख्या

पार्क व्यू अपार्टमेंट के आवंटी अखिलेश नायक का कहना है कि इतनी रात में पार्क में कोई भी वॉकर आने को तैयार नहीं होगा. पार्क में ज्यादातर गोमती नगर विस्तार में बने अपार्टमेंट के आवंटी ही वॉक के लिए आते हैं. समय में परिवर्तन के बाद वॉकर की संख्या काफी घट गई है. पहले वॉकर्स की संख्या हर दिन करीब 5 से 8 हजार के बीच होती थी. समय बदलने के साथ महिलाओं ने पार्क में आना बंद कर दिया है.

20 अतिरिक्त सुरक्षा गार्डों की तैनाती

एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार का कहना है कि नई व्यवस्था के तहत अब गर्मियों में पार्क सुबह 5 से रात 10 बजे तक खुलेगा. जिसमें सुबह 8:30 से रात 9 बजे तक प्रवेश के लिए टिकट व्यवस्था लागू होगी. ठंड के मौसम में पार्क सुबह 6 से रात 10 बजे तक खोला जाएगा. जिसमें सुबह 8:30 से रात 9 बजे तक प्रवेश के लिए टिकट लगेगा. इसके बाद पार्क में वॉकर के लिए एंट्री फ्री होगी. पार्क में सुरक्षा को लेकर भी 20 अतिरिक्त सुरक्षा गार्डों की तैनाती की गई है.

जुरासिक पार्क खुलने से बढ़ी भीड़

जनेश्वर मिश्र पार्क में जुरासिक पार्क खुलने के बाद भीड़ अचानक बढ़ गई है. यह भीड़ रात 8 बजे तक रहती है. इसके बाद धीरे-धीरे पर्यटक पार्क से निकलना शुरू हो जाते हैं. इसे देखते हुए पार्क बंद होने का समय अब रात 10 बजे तक कर दिया गया है. इसमें रात 9 बजे से पार्क में एंट्री फ्री होगी. इस वक्त केवल पार्क में टहला जा सकता है. बाकी जुरासिक पार्क सहित अन्य स्थान पर एंट्री प्रतिबंधित होगा.