असलहे के बल पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से लूट, बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
चंदौली : जिले में लूट की घटना रुकने का नाम नही ले रहा. लगातार हो रही लूट की घटना से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. ताजा मामला बलुआ थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव के पास का प्रकाश में आया है. जहां एक माइक्रो कैपिटल लिमिटेड के कर्मचारी से असलहे के बल पर मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश बदमाशों ने 34170 रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया. वही लूट के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. वही सूचना पाकर एएसपी विनय कुमार सिंह, सीओ सकलडीहा रघुराज, थानाध्यक्ष बलुआ अशोक कुमार मिश्र मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गए. पुलिस देर शाम तक सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी रही.
दरअसल गाजीपुर जनपद के नगसर थाना अंतर्गत नगसर के ही रहने वाले मुकेश सिंह यादव पुत्र भुल्लन सिंह यादव एक माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड कंपनी में पिछले आठ माह से कार्य करते है. जिनकी हेड ऑफिस वाराणसी है. प्रतिदिन की भांति मंगलवार को वह कलेक्शन करने के लिए बलुआ थाना क्षेत्र के लोलपुर, पहाड़पुर, नैढ़ि, मोहम्मदपुर में कलेक्शन किया. फिर कलेक्शन करने वास्ते 34170 रुपया लेकर गुरेरा होते हुए फुलवरिया गांव के सिवान से होते हुए पहाड़पुर के लिए मोटरसाइकिल से अकेले जा रहे थे. वही फुलवरिया गांव के मार्ग के किनारे बाजरे के खेत पास दो नकाबपोश बाइक सवार ओवरटेक कर धक्का देकर गिरा दिए. जिससे वह जमीन पर गिर पड़े. वही बदमाशों ने कनपटी पर असलहा सटाकर बाइक के डिग्गी में रखा 34170 रुपया छीन लिया साथ ही कर्मचारी का मोबाइल छीनकर पहाड़पुर के रास्ते भाग निकले.
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
घटना के बाद कर्मचारी पहाड़पुर में कार्य कर रहे अपने साथी कर्मचारी के पास पहुंचा और उसको आपबीती सुनाई. इसके बाद साथी के मोबाइल से डायल 112 पर पुलिस को सूचना दिया. वही घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची. घटना स्थल पर बलुआ थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र पहुंचे और अधिकारियों को घटना के बारे में अवगत कराया. घटना स्थल पर एएसपी विनय कुमार सिंह, सीओ सकलडीहा रघुराज पहुंचे और जांच पड़ताल करने में जुट गए. पुलिस कैथी से लेकर पहाड़पुर, टांडा, मारूफपुर तक सीसीटीवी खंगालने में जुटी रही. पुलिस का दावा है कि शीघ्र ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा.

इस बाबत सीओ सकलडीहा रघुराज ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल किया गया है. पीड़ित की तहरीर के आधार पर कार्यवाही किया जा रहा है. सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है. पीड़ित कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहा है. शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा.


















