स्टंट दिखाने के चक्कर में नहर में गिरी कार, पुलिस ने पांच अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
चंदौली : चकिया कोतवाली के लतीफशाह बीयर के पास बुधवार को लग्जरी कार सवार प्रकृति के मनोरम छटा को निहारने के लिए आए थे. इसी बीच कार सवार युवकों ने स्टंट दिखाने के चक्कर में कार को कर्मनाशा नहर की तरफ मोड़ दिया, लेकिन कार अनियंत्रित होकर नहर के गहरे पानी में चली गई. वही कार सवार युवक पानी में तैरते हुए बाहर निकल गए. इसी घटना क्रम का किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इस मामले में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोग सवाल उठाने लगे थे. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची. कार को नहर से निकलवाया. वही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
दरअसल, अलीनगर थाना क्षेत्र के सिटकिया गांव निवासी इरफान अहमद (उम्र 24 वर्ष) पुत्र नसीर मोहम्मद, सुभान अली (उम्र 26 वर्ष) पुत्र निसार अली, शाहिद रजा (उम्र 22 वर्ष) पुत्र निजामुद्दीन, टीकू (उम्र 36 वर्ष) पुत्र अब्दुल हक और संतोष यादव (उम्र 27 वर्ष) पुत्र स्व० गोपाल प्रसाद चकिया कोतवाली क्षेत्र के लतीफशाह बीयर कार से घूमने गए थे. स्टंट दिखाने के चक्कर में कर्मनाशा नहर के गहरे पानी में कार को उतार दिया. देखते ही देखते कार पानी के आगोश में समाने लगी. कार सवार युवक तैरते हुए पानी से बाहर निकल गए. वही इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन के अफसरों ने सक्रियता दिखाते हुए सभी स्टंटबाजो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. वही कार को ई-चालान एप के माध्यम से सीज कर दिया.
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चकिया थानाध्यक्ष अतुल कुमार, उप निरीक्षक अभिनव कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल सूरज कुमार, कांस्टेबल रिजवान अली, कांस्टेबल चंद्रशेखर यादव शामिल रहे.


















