यूपी में एक दिन का और इंतजार और फिर झमाझम बारिश, IMD का आया बड़ा अलर्ट, उमस से मिलेगी राहत

54

यूपी में एक दिन का और इंतजार और फिर झमाझम बारिश, IMD का आया बड़ा अलर्ट, उमस से मिलेगी राहत

UP TIMES18 : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बादलों का असर बढ़ने की उम्मीद की जा रही है. मौसम विभाग की ओर से बारिश को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. मौसम विभाग के पुर्वानुमान के मुताबिक, अगले 36 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के आसमान में बादल छाएंगे. बारिश होगी और लोगों को भीषण उमस से राहत मिलेगी. दरअसल, पिछले करीब एक सप्ताह से लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में बारिश का असर कम दिख रहा है. अब मौसम में बदलाव की उम्मीद की जा रही है. लखनऊ से नोएडा तक असर देखने को मिलेगा.

प्रदेश में आसमान पूरी तरह से साफ है. इससे लोगों को उमस जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है. उमस के कारण लोगों को दिन से लेकर रात तक पसीना छुड़ाने वाली गर्मी महसूस हो रही है. बारिश के बाद इस प्रकार की स्थिति से निजात मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इस कारण यूपी तक हवाओं की गति में कुछ तेजी देखने को मिली है.

तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण बादलों का रुख उड़ीसा, छत्तीसगढ़, होते हुए उत्तर प्रदेश-बिहार तक जाने की उम्मीद है. यूपी में बारिश का असर गुरुवार तक गहरा सकता है. इससे बारिश जैसी स्थिति बनती दिखेगी. इस वीकेंड पर लोगों को राहत वाली बारिश का असर दिख सकता है. मौसम विभाग ने पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी तक लगभग तमाम इलाकों में बदल छाने और बारिश की उम्मीद जताई है. गुरुवार से लेकर रविवार तक तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है.

तापमान में आएगी कमी

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से लेकर रविवार के बीच प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बारिश होगी. कहीं कहीं मूसलाधार बारिश की भी संभावना जताई जा रही है. इसे मानसून की विदाई के बारिश के तौर पर देखा जा रहा है. साथ ही बारिश के साथ ही हल्की ठंडक का भी अहसास होना शुरू होगा. रात के तापमान में कमी आती दिखेगी. साथ ही, उमस का असर कम होने से लोगों को पसीना छुड़ाने वाली गर्मी से भी राहत मिल सकती है.

क्या कहते हैं मौसम विज्ञानी

मौसम वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि बुधवार से पूर्वी उत्तर प्रदेश से मौसम बदलने की संभावना है. इस दौरान बारिश होने के आसार हैं. उन्होंने कहा कि इसके पीछे का कारण एक लो प्रेशर सिस्टम आंध्रा और उड़ीसा के पास डेवलप हो रहा है. इसका असर धीरे-धीरे पूर्वी यूपी में देखने को मिल सकता है. उन्होंने बताया कि आगे आने वाले 3 से 4 दिन बारिश हो सकती है. उसके बाद फिर बारिश में कमी आने लगेगी. मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि यागी साइक्लोन से इसका कोई लेना-देना नहीं है. उसका असर खत्म हो चुका है.