स्कूल के पानी निकासी पाइप को तोड़ने का आरोप, प्रधानाचार्य ने पुलिस से लगाई गुहार

19

स्कूल के पानी निकासी पाइप को तोड़ने का आरोप, प्रधानाचार्य ने पुलिस से लगाई गुहार, 20 वर्षों से नाले में जा रहा था विद्यालय का पानी, जमीन मालिक पर परेशान करने और अधिक कीमत मांगने का आरोप

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां स्थित सेंट जोसेफ स्कूल के पानी निकासी पाइप को तोड़कर फेंकने का मामला सामने आया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार झा ने इस संबंध में बलुआ थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने विद्यालय के पीछे दक्षिण दिशा में स्थित पानी निकासी के लिए लगे प्लास्टिक पाइप को तोड़ दिया, जिससे विद्यालय का गंदा पानी निकासी के बजाय आसपास फैल रहा है।

प्रधानाचार्य अनिल कुमार झा के अनुसार, विद्यालय का गंदा पानी पिछले करीब 20 वर्षों से पीछे स्थित बाहा (पानी निकासी नाला) में पाइप के माध्यम से जाता रहा है। आरोप है कि लगभग एक माह पूर्व कुछ लोगों ने इस पाइप को तोड़कर फेंक दिया। जब उन्होंने इस संबंध में जानकारी ली तो काम करने वाले लोगों ने बताया कि जमीन मालिक के कहने पर पाइप हटाया जा रहा है।

प्रधानाचार्य का आरोप है कि जमीन मालिक और उनके पुत्र से बातचीत करने पर उन्होंने पानी निकासी के लिए रास्ता देने से इनकार कर दिया और कथित तौर पर जमीन खरीदने के लिए 50 लाख रुपये प्रति बिस्वा की मांग की। प्रधानाचार्य का कहना है कि उन्होंने उचित कीमत देने की बात भी कही, लेकिन इसके बावजूद उन्हें परेशान किया जा रहा है।

उन्होंने आशंका जताई कि पानी निकासी बाधित होने से विद्यालय का गंदा पानी आसपास फैल रहा है, जिससे दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों का खतरा पैदा हो सकता है।

प्रधानाचार्य ने पुलिस प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर पूर्व की तरह पानी निकासी के लिए लगे पाइप को पुनः ठीक कराने और विद्यालय के गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित कराने की मांग की है। फिलहाल, मामले में पुलिस की कार्रवाई और दूसरे पक्ष का बयान सामने आना बाकी है।