एमबी एम्ब्रोसिया एकेडमी में गूंजा सड़क सुरक्षा का संदेश, छात्रों ने लिया यातायात नियमों के पालन का संकल्प

8

एमबी एम्ब्रोसिया एकेडमी में गूंजा सड़क सुरक्षा का संदेश, छात्रों ने लिया यातायात नियमों के पालन का संकल्प

चंदौली : पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन में गुरुवार को एमबी एम्ब्रोसिया एकेडमी में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा की उपस्थिति में यातायात पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की जानकारी दी गई। साथ ही रेड लाइट, जेब्रा क्रॉसिंग और सड़क संकेतकों का पालन करने के महत्व को समझाया गया।

यातायात पुलिस ने नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा गलत दिशा में वाहन चलाने और मोड़ पर ओवरटेकिंग से बचने की अपील की। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन या ईयरफोन का इस्तेमाल न करने के प्रति भी विद्यार्थियों को सचेत किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिजनों, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस दौरान विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा यातायात पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।