पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय प्रभुपुर में चोरी, किचन का ताला तोड़कर हजारों का सामान ले उड़े चोर
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, प्रभुपुर में अज्ञात चोरों ने बुधवार देर रात धावा बोलकर विद्यालय के किचन का ताला तोड़ दिया और गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन, डेस्क, बाल्टी, भगौना, ट्यूबलाइट, ब्लैकबोर्ड, बिजली के तार सहित अन्य आवश्यक सामग्री चोरी कर ले गए। घटना से विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार चोरों ने प्रधानाध्यापक कक्ष सहित अन्य कक्षाओं के ताले तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। यदि चोर उन कमरों का ताला भी तोड़ देते तो विद्यालय को और अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता था। आशंका जताई जा रही है कि चोर विद्यालय की डेस्क और बेंच भी ट्रॉली (सगड़ी) पर लादकर ले गए हैं।
गुरुवार सुबह जब इंचार्ज प्रधानाध्यापिका और शिक्षक विद्यालय पहुंचे तो किचन का ताला टूटा मिला तथा अंदर रखा सामान गायब था। इसके बाद इंचार्ज प्रधानाध्यापिका ने तत्काल ग्राम प्रधान जयराम शास्त्री और डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
ग्राम प्रधान जयराम शास्त्री ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने कहा कि बेखौफ चोर लगातार मंदिरों, विद्यालयों और घरों को निशाना बना रहे हैं, जिससे लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ रही है।
इंचार्ज प्रधानाध्यापिका, विद्यालय के शिक्षकों एवं ग्राम प्रधान ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों का कानून-व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।


















