नहाने पर प्रतिबंध के बावजूद नियम तोड़ रहे पर्यटक, पुलिस तैनाती के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

83

नहाने पर प्रतिबंध के बावजूद नियम तोड़ रहे पर्यटक, पुलिस तैनाती के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चंदौली : नौगढ़ थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल राजदरी जलप्रपात पर सोमवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब जलप्रपात में नहाने उतरा एक युवक अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर लगभग 50 मीटर तक बह गया। बहाव के बीच युवक एक चट्टान पर फंस गया, जिससे उसकी जान पर बन आई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पर्यटकों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक जलप्रपात में उतरकर स्नान कर रहा था। इसी दौरान पानी का तेज बहाव उसे अपने साथ बहा ले गया। युवक को बहता देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना अपनी जान की परवाह किए साहस का परिचय दिया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की तत्परता से युवक की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

गौरतलब है कि राजदरी जलप्रपात में दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही जलप्रपात में स्नान करने पर प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद पर्यटक लगातार नियमों की अनदेखी कर प्रतिबंधित क्षेत्र में उतर रहे हैं। मौके पर पुलिस की तैनाती होने के बावजूद लोग सुरक्षा निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल पुलिस की मौजूदगी पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। इस घटना ने एक बार फिर राजदरी जलप्रपात पर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।