अलीनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, मुर्गी दाने की आड़ में नशे का काला कारोबार बेनकाब, 720 लीटर कोडीन कफ सिरप जब्त

27

अलीनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, मुर्गी दाने की आड़ में नशे का काला कारोबार बेनकाब, 720 लीटर कोडीन कफ सिरप जब्त

चंदौली : जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लावारिस ट्रक से 720 लीटर प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए कफ सिरप की खेप को मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे छिपा रखा था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस को बुधवार शाम मुखबिर से सूचना मिली कि रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास एक ट्रक संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक संख्या UP74Y-4726 की तलाशी शुरू की।

तलाशी के दौरान ट्रक में रखी 20 बोरी मुर्गी दाने के नीचे छिपाकर रखी गई 36 बोरियां बरामद हुईं। इनमें कुल 72 पेटियां मिलीं। जांच में 36 पेटियों से 3600 शीशी (360 लीटर) ‘FAIRDYL NEW’ तथा अन्य 36 पेटियों से 3600 शीशी (360 लीटर) ‘एस्कफ’ ब्रांड की कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुई। कुल मिलाकर पुलिस ने 7200 शीशी यानी 720 लीटर अवैध कफ सिरप जब्त की।

मौके पर पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर चन्द्रेश कुमार द्विवेदी ने बरामद दवाओं की जांच कर नमूने जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजे। वहीं ट्रक के केबिन से Fleetx कंपनी का जीपीएस डिवाइस और सिम भी बरामद हुआ है, जिसके जरिए पुलिस तस्करी के रूट और इसमें शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने ट्रक को सीज कर थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 0458/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वाहन का स्वामी फिरोजाबाद निवासी राहुल कुमार बताया गया है।

पुलिस का कहना है कि यह किसी संगठित तस्करी गिरोह का मामला प्रतीत होता है। बरामद जीपीएस डिवाइस, वाहन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर खेप के स्रोत, गंतव्य तथा इससे जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।