रास्ते के विवाद में जानलेवा हमले का आरोपी एक माह बाद गिरफ्तार
चंदौली : सकलडीहा थाना पुलिस ने जानलेवा हमले (हत्या के प्रयास) के मामले में पिछले करीब एक माह से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में गठित टीम ने बुधवार शाम ग्राम रतनपुरा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, रतनपुरा गांव निवासी चिंता देवी ने 17 जून 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रास्ते के विवाद को लेकर शिवबचन, शिवकुमार (कुवर), शियाराम तथा रोहित ने एक राय होकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें तथा उनके पुत्र कमलेश को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के संबंध में थाना सकलडीहा में मुकदमा संख्या 130/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 115(2) एवं 333 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में गठित टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में बुधवार शाम करीब 6:15 बजे पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवबचन (50 वर्ष) पुत्र स्व. गनेश, निवासी रतनपुरा, थाना सकलडीहा को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह, कांस्टेबल रोहित कुमार गौड़, अभिमन्यु प्रताप सिंह एवं सुधाकर पांडेय शामिल रहे।


















