पिकनिक का जश्न मातम में बदला, नहर में डूबने से युवक की दर्दनाक मौत
चंदौली : जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के भूसी कृतपुरवा गांव निवासी 30 वर्षीय शैलेश प्रजापति की पिकनिक के दौरान नहर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पोस्टमार्टम हाउस पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, शैलेश प्रजापति अपने चार दोस्तों के साथ रविवार को लतीफशाह क्षेत्र में पिकनिक मनाने गया था। वहां मनचाहा स्थान नहीं मिलने पर सभी ने पहले सभी ने खाने पीने की पार्टी की। इसके बाद वे दूसरे स्थान की तलाश में निकल पड़े।
इसी दौरान पड़री नहर पर पहुंचने के बाद शैलेश स्नान करने के लिए नहर में उतर गया। नहाते समय वह पुलिया के नीचे बने हिस्से में फंस गया और गहरे पानी में डूबने लगा। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद जब उसे पुलिया से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मृतक के साथ मौजूद तीन दोस्तों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।


















