चंदौली में रफ्तार का कहर, हाईवे पर खड़े डंपर में ट्रक घुसा, चालक गंभीर रूप से घायल

77

चंदौली में रफ्तार का कहर, हाईवे पर खड़े डंपर में ट्रक घुसा, चालक गंभीर रूप से घायल

चंदौली : राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के जगदीश सराय के समीप हुई, जहां दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और चालक को बचाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बावजूद करीब डेढ़ घंटे बाद क्रेन मौके पर पहुंची। इतना ही नहीं, रेस्क्यू टीम बिना आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के ही पहुंच गई, जिसके कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी विलंब हुआ। यदि स्थानीय लोग तत्परता नहीं दिखाते तो चालक को बाहर निकालना और भी मुश्किल हो सकता था।

घटना के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

स्थानीय लोगों ने NHAI की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि हाईवे पर हर समय आपातकालीन रेस्क्यू व्यवस्था उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाई जा सके। लोगों ने इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं घायल चालक की पहचान और वाहन से संबंधित अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।