सुरतापुर के पास स्कार्पियो-टेम्पो की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौत, एक गंभीर घायल
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के सुरतापुर गांव के समीप शनिवार की देर रात स्कार्पियो और टेम्पो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में टेम्पो चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों को वाहन से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने टेम्पो चालक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार नादी छावनी निवासी 38 वर्षीय बिनोद गोंड़ टेम्पो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार रात करीब 12 बजे वह धानापुर की ओर से अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ गांव के ही 50 वर्षीय राजेश कन्नौजिया भी टेम्पो में सवार थे। सुरतापुर गांव के पास चहनियां की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो से टेम्पो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों लोग वाहन में फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकालकर चहनियां पीएचसी पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने बिनोद गोंड़ को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजेश कन्नौजिया का उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। बिनोद गोंड़ अपने छह भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी तारा देवी, माता शिवकुमारी देवी, पिता बाउल तथा दो छोटे बेटे आठ वर्षीय टैंपो और पांच वर्षीय कल्लू हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के बाद स्कार्पियो चालक वाहन समेत फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


















