अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 90 किलो गांजा बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार
चंदौली : जनपद पुलिस को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। थाना अलीनगर पुलिस ने रविवार को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक क्रेटा कार और डीसीएम मिनी ट्रक से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 22.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप डीसीएम ट्रक में लादकर वाराणसी के रास्ते राजस्थान और दिल्ली ले जाई जा रही है। ट्रक के आगे एक क्रेटा कार पायलटिंग कर रही थी, ताकि पुलिस की निगरानी से बचा जा सके।
सूचना के आधार पर पुलिस ने पचपेड़वा अंडरपास (रेवसा) के पास रिंग रोड पर घेराबंदी की। चेकिंग के दौरान संदिग्ध क्रेटा कार और डीसीएम ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों वाहन चालक भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों वाहनों को घेरकर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान क्रेटा कार की डिग्गी से 22 किलोग्राम तथा डीसीएम ट्रक में नीली पॉलिथीन के नीचे छिपाकर रखा गया 68 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस प्रकार कुल 90 किलोग्राम अवैध गांजा पुलिस ने जब्त कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर राजस्थान और दिल्ली पहुंचाने का काम करते थे। पुलिस से बचने के लिए गांजे को बंडलों में छिपाकर अलग-अलग वाहनों के माध्यम से परिवहन किया जा रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान काशीराम (हनुमानगढ़, राजस्थान), मनोज कुमार (अरवल, बिहार), ज्ञानेन्द्र कुमार (रोहिणी, दिल्ली) तथा सुशांत कुमार दिग्गल (कंधमाल, ओडिशा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को भी सीज कर दिया है। इस मामले में थाना अलीनगर पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास एवं तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।


















