काली मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान बड़ा हादसा, गुंबद गिरने से PWD कर्मचारी की मौत, एक गंभीर घायल
चंदौली : मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित काली मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क चौड़ीकरण कार्य के तहत मंदिर को हटाए जाने की कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान मंदिर का गुंबद अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान 58 वर्षीय झुमरी उर्फ बलदेव के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से ध्वस्तीकरण का कार्य तत्काल रोक दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, थाना मुगलसराय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और स्थिति नियंत्रण में है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है तथा सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी समीक्षा की जा रही है।


















