सपा प्रवक्ता मनोज सिंह ‘काका’ का बड़ा हमला, ओमप्रकाश राजभर और भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

47

सपा प्रवक्ता मनोज सिंह ‘काका’ का बड़ा हमला, ओमप्रकाश राजभर और भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

चंदौली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह ‘काका’ ने प्रेस वार्ता के दौरान सुभासपा प्रमुख एवं प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर तथा भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा में टूट की चर्चाओं को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी मजबूत संगठन के साथ आगे बढ़ रही है और तोड़फोड़ की राजनीति में विश्वास नहीं करती।

मनोज सिंह ‘काका’ ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर लगातार सपा को कमजोर करने की बात करते हैं, जबकि उनकी अपनी पार्टी के चार विधायक समाजवादी पार्टी का झंडा लगाते हैं। उन्होंने दावा किया कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की राजनीति की वजह से ही ओमप्रकाश राजभर को राजनीतिक ताकत और सीटें मिली हैं।

सपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि ओमप्रकाश राजभर के दोनों बेटे लखनऊ में बैठकर दलाली का काम करते हैं। साथ ही उन्होंने राजभर को भाजपा का “टेलीप्रॉम्प्टर” बताते हुए कहा कि वह भाजपा की भाषा बोलते हैं और उसी के इशारे पर बयान देते हैं।

राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे के मुद्दे पर भी मनोज सिंह ‘काका’ ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी को “सेटलमेंट इन्वेस्टिगेशन टीम” बना दिया गया है। उनका आरोप था कि समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर चंदा घोटाले का मुद्दा उठाया और जनता के सामने कई तथ्यों को रखा।

उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “भगवान राम का सारा माल चंपत राय ने ही चंपत कर दिया।” उन्होंने यह भी कहा कि यदि चंपत राय को पद से हटाया गया है तो उनके खिलाफ मुकदमा क्यों दर्ज नहीं किया गया।

मनोज सिंह ‘काका’ ने आरोप लगाया कि चंदा घोटाले से जुड़े पूरे सिंडिकेट को भाजपा का संरक्षण प्राप्त है और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई जा रही है।

हालांकि, सपा प्रवक्ता द्वारा लगाए गए इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।