आम तोड़ने के विवाद में खूनी संघर्ष, दो सगे भाइयों पर चाकू से हमले का आरोप, एक की हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

265

आम तोड़ने के विवाद में खूनी संघर्ष, दो सगे भाइयों पर चाकू से हमले का आरोप, एक की हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मारुफपुर चौकी अंतर्गत रमदत्तपुर गांव में शुक्रवार की शाम आम तोड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मनबढ़ युवकों ने दो सगे भाइयों पर चाकू और कैंची से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायलों ने बलुआ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार रमदत्तपुर निवासी राधेश्याम कुशवाहा का गांव के दक्षिणी छोर पर आम का बगीचा है। शुक्रवार शाम कुछ युवक बगीचे में आम तोड़ रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर उनके बड़े पुत्र अमित कुशवाहा (40 वर्ष) मौके पर पहुंचे और आम तोड़ने का विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर आम तोड़ रहे युवक आक्रोशित हो गए और कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देखते ही देखते विपक्षी पक्ष के लोगों ने अमित कुशवाहा पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। खेत में काम कर रहे उनके छोटे भाई नीतीश कुशवाहा (32 वर्ष) शोर सुनकर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास करने लगे, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। मारपीट में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना में अमित कुशवाहा के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में दोनों भाइयों ने बलुआ थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।

पुलिस ने घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां भेजा, जहां डॉक्टरों ने अमित कुशवाहा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि आम तोड़ने के विवाद में मारपीट की घटना हुई है। एक पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीण क्षेत्र में मामूली विवाद के खूनी संघर्ष में बदल जाने की इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।