अज्ञात पिकअप की टक्कर से कबाड़ व्यवसायी गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

23

अज्ञात पिकअप की टक्कर से कबाड़ व्यवसायी गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के सराय गांव के समीप गुरुवार को एक अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से 50 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरधन जुड़ा गांव निवासी जितेंद्र विश्वकर्मा (50) कबाड़ खरीदने-बेचने का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। गुरुवार को वह कबाड़ बेचने के लिए चहनियां कस्बा जा रहे थे। इसी दौरान सराय गांव के पास तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जितेंद्र विश्वकर्मा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और दर्द से तड़पने लगे। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। पुलिस अज्ञात पिकअप वाहन की तलाश में जुटी हुई है।