उत्तर प्रदेश के 24 पीपीएस बनेंगे IPS, चिरंजीव नाथ सिन्हा और पत्नी रश्मि रानी के प्रमोशन का रास्ता साफ
लखनऊ : उत्तर प्रदेश को 24 नए आईपीएस मिलने जा रहे हैं. सोमवार को यूपी के 24 प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) संवर्ग के अफसरों के आईपीएस काडर में प्रमोशन पर सहमति बन गई है. इनमें अजय प्रताप, नेपाल सिंह, शिवराम यादव, अशोक कुमार, विश्वजीत श्रीवास्तव और रश्मि रानी समेत 24 पीपीएस अधिकारी शमिल हैं. बाराबंकी के एएसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा और अभिसूचना मुख्यालय में तैनात उनकी पत्नी रश्मि रानी के प्रमोशन का रास्ता भी साफ हो गया है. 1993 बैच के पीपीएस अधिकारी संजय यादव का लिफाफा बंद होने के कारण उनके नाम पर विचार नहीं किया गया है.
दरअसल 24 पीपीएस अफसरों को आईपीएस संवर्ग में प्रोन्नति देने के लिए सोमवार को लोकभवन में लोकसेवा आयोग सदस्य, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, डीजीपी प्रशांत कुमार और प्रमुख सचिव गृह दीपक कुमार की मौजूदगी में विभागीय प्रोन्नति कमेटी (डीपीसी) की बैठक हुई है. मिल रही जानकारी के मुताबिक, इसमें 1994 बैच के पीपीएस अफसर बजरंग बली, दिनेश यादव, समीर सौरभ, मो. इरफान अंसारी, अजय प्रताप, नेपाल सिंह, अनिल कुमार प्रथम और कमलेश बहादुर का नाम शामिल है.
पीपीएस संजय यादव का लिफाफा बंद
इसके साथ ही 1995 बैच के पीपीएस अफसर राकेश कुमार सिंह, लाल भरत कुमार पाल, रश्मि रानी, अनिल कुमार यादव और संजय कुमार के आईपीएस संवर्ग में प्रमोशन मिलने का रास्ता साफ हो गया है. इसी तरह 1996 बैच के पीपीएस शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, लक्ष्मी निवास मिश्रा, राजेश कुमार श्रीवास्तव, चिरंजीव नाथ सिन्हा, विश्वजीत श्रीवास्तव, मनोज कुमार अवस्थी, अमृता मिश्रा, रोहित मिश्रा, शिवराम यादव, अशोक कुमार और दीपेंद्र नाथ चौधरी का नाम शामिल है. 1993 बैच के पीपीएस संजय यादव का लिफाफा बंद होने के कारण उनकी चर्चा नहीं हो पाई है. बताया जा रहा है कि उनके खिलाफ एक जांच लंबित होने की वजह से उनके प्रमोशन के बाबत लिफाफा बंद रखा गया है.

















