चन्दौली में डीजल चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार, स्विफ्ट डिजायर कार, 13 गैलन डीजल, मोबाइल व नकदी बरामद

227

चन्दौली में डीजल चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार, स्विफ्ट डिजायर कार, 13 गैलन डीजल, मोबाइल व नकदी बरामद

चंदौली : जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने डीजल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार, 13 गैलन डीजल, प्लास्टिक पाइप, पेचकस, दो मोबाइल फोन तथा 10 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सहजौर रिंग रोड अंडरपास के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी का सामान और वाहन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रिंग रोड व हाईवे किनारे खड़ी गाड़ियों से डीजल चोरी करते थे। साथ ही वाहनों में लदे सामान जैसे रिफाइंड तेल आदि को भी चुरा कर चहनियां बाजार की एक दुकान पर बेच देते थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों में संदीप यादव उर्फ प्रद्युम यादव (22 वर्ष), नमन मिश्रा उर्फ भोले (22 वर्ष) और राजकुमार गुप्ता (45 वर्ष) शामिल हैं। तीनों चन्दौली जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।

आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी संदीप यादव के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं अन्य आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड पाया गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह गिरोह लंबे समय से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

बरामदगी का विवरण

पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 गैलन डीजल, दो प्लास्टिक पाइप, एक पेचकस, दो मोबाइल फोन (ओप्पो व पोको), 10 हजार रुपये नगद तथा स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर UP61AJ8990) बरामद की है।

आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

पुलिस टीम की सराहना

इस सफल कार्रवाई में थाना मुगलसराय व अलीनगर की संयुक्त पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। अधिकारियों ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।