देश भर में आज आजादी की धूम, जिला पंचायत कार्यालय में किया गया ध्वजारोहण
चंदौली : देशभर में आज आजादी का पर्व मनाया जा रहा है. 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित जिला पंचायत कार्यालय परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष दीनानाथ शर्मा व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने ध्वजारोहण किया. ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया. अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा तिरंगा को सलामी दी गई. साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया गया. इसके पश्चात कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया.
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष दीनानाथ शर्मा ने कहा कि आजादी को पाने के लिए भारत ने 200 साल तक अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी. भारत की स्वतंत्रता की यात्रा अपार बलिदान, साहस और एकता से भरी हुई है. 1857 के विद्रोह से लेकर भारत छोड़ो आंदोलन तक, हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने हमारी स्वतंत्रता के लिए कई चुनौतियों का सामना किया.

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस एक ऐसा दिन है जो हमें स्वतंत्र और सुरक्षित महसूस कराता है. यह हमें हमारे महान नेताओं की प्रेरक यात्रा, निरंतर संघर्षशील प्रयासों और बलिदान की याद दिलाता है. कहा कि काफी लंबे संघर्ष के बाद भारत को अंग्रेजों से आजादी मिली. 15 अगस्त 1947 को भारत को एक स्वतंत्र राष्ट्र घोषित किया गया. भारत की आजादी के लिए मंगल पांडे, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और शहीद भगत सिंह समेत अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी.
इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह, अपर मुख्य अधिकारी अमित राज सिंह, प्रशासनिक अधिकारी आनंद कुमार सिंह, कार्य अधिकारी शुमामा हुसैन, अभियंता पुष्कर कुमार, सुदर्शन राम सहित आदि अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.


















