स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर चंदौली पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रख रही पैनी नज़र
चंदौली : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर चंदौली पुलिस अलर्ट मोड पर है. पूरे जनपद के चप्पे-चप्पे पर पुलिस अपनी पैनी नज़र बनाई हुई है. एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देश पर बुधवार की शाम अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, सीओ सदर राजेश राय पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर पहुंचे. साथ ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस, यातायात, फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीम के साथ नगर के प्रमुख चौराहे, होटल व पीडीडीयू स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया. जिसमें संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं की जांच की गई. इस दौरान रेलवे स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ की टीम भी साथ रही.

विदित हो कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर असामाजिक एवं देश विरोधी तत्वों के सक्रिय होने का खतरा बना रहता है. इसको लेकर खुफिया इकाईयां भी अलर्ट मोड पर रहती हैं. संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस, यातायात, फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता की संयुक्त टीम द्वारा होटलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत सभी संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया. चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग की गई. संदिग्ध लोगों के नाम-पते का वैरीफिकेशन किया गया. होटल संचालकों को हर किसी आंगुतक की आईडी अवश्य लेने के निर्देश दिए गए. वही पीडीडीयू स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ की टीम भी मौजूद रही. इस दौरान पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की.


















