एमबीबीएस छात्रों के लिए खुशखबरी, बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज को मिली मान्यता
चंदौली : डीएम निखिल टी. फुंडे ने बाबा कीनाराम राजकीय स्व वित्तपोषित मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया. इस दौरान डीएम ने कहा कि जनपद के लिए हर्ष और गौरव का विषय है कि 10 सितम्बर को 2024 को मेडिकल कॉलेज के मान्यता की अनुमति प्राप्त हुई है. एक अक्टूबर 2024 से शैक्षणिक सत्र प्रारम्भ होने जा रहा है. मेडिकल कॉलेज में 100 सीट की मान्यता प्राप्त हुई है. प्रथम वर्ष के छात्रों का एडमिशन काउंसिल के माध्यम से कराया जाएगा.

डीएम निखिल टी. फुंडे ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के दूसरे कैम्पस जिसमें अस्पताल एवं अन्य सुविधाएं बनाई जानी है, यथाशीघ्र निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ तीव्र गति से पूर्ण कराया जा रहा है. माह नवंबर तक लगभग सभी बिल्डिंग बनकर तैयार हो जाएगी तथा एक बिल्डिंग माह अप्रैल तक पूर्ण होगी. अब मेडिकल के छात्र जनपद में मेडिकल की पढ़ाई कर सकेंगे.

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाई के राय, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल, सीएमएस, कार्यदाई संस्था सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.


















