कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने चौड़ीकरण रोड का लिया जायजा, सम्बंधित अधिकारी को दिया निर्देश
चंदौली : आयुक्त वाराणसी मंडल कौशल राज शर्मा ने रेमा मोड़ चकिया बाईपास तिराहा से बबुरी लेवा तक स्वीकृत चौड़ीकरण सड़क का निरीक्षण किया. इस दौरान चौड़ीकरण सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर सम्बंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे ने कमिश्नर कौशल राज शर्मा को स्वीकृत चौड़ीकरण सड़क की उपयोगिता एवं कार्य की प्रगति से अवगत कराया.

तय मानक एवं समय सीमा में कार्य करने हेतु निर्देश
आयुक्त वाराणसी कौशल राज शर्मा ने प्रस्तावित फोर लेन सड़क चौड़ीकरण की कुल दूरी 13.765 किलोमीटर तक निरीक्षण किया. वहीं पीडब्लूडी विभाग के एक्सईएन राजेश कुमार को चिन्हित भूमि अधिग्रहण मुवावजा राशि के वितरण में तेजी लाने का निर्देश दिया. साथ ही पीडब्ल्यूडी विभाग को तय मानक एवं समय सीमा में कार्य करने हेतु सम्बंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया. निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी पीडीडीयू नगर आलोक कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राजेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारी उपस्थित रहे.


















