सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़, दरोगा की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर की फायरिंग

379

सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़, दरोगा की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर की फायरिंग

चंदौली : पुलिस ने नौगढ़ जंगल में गहिला बाबा स्थल के समीप किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपितों को रविवार को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया. एक आरोपित ने दरोगा की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया. इसके बाद जंगल में फरार हो गए. पुलिस ने घेरेबंदी कर जवाबी फायरिंग की. उस दौरान दोनों आरोपितों के पैर में गोली लग गई. इसके बाद उन्हें दबोच लिया गया. घायल आरोपितों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.

बता दें कि 8 अगस्त की सुबह जंगल में गहिला बाबा स्थान के पास सोनभद्र निवासी किशोरी के साथ गैंररेप हुआ था. पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी थी. पुलिस ने आरोपितों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार सीजेएम कोर्ट में पेश करने के लिए लाया जा रहा था. उसी दौरान दिलबगरा पहाडी जंगल में सरकारी गाडी का टायर पंचर हो गया. इसे देखने के लिए पुलिस बल गाड़ी से उतरी. इसी बीच आरोपित अभिषेक यादव ने उपनिरीक्षक अवधेश सिंह की सरकारी पिस्टल कमर से छीन ली और भागते हुए पुलिस पार्टी पर फायर किया. पहला फायर सरकारी वाहन के दाहिने तरफ के बीच वाले शीशे पर लगा. इसके बाद आरोपित जंगल की ओर भागने लगे. थानाध्यक्ष नौगढ ने RT सेट से कंट्रोल व थाना को अवगत कराया. बार्डर के थानों से घेराबंदी के लिए संदेश भेजा गया. सूचना के बाद थानाध्यक्ष चकिया भी मौके पर पहुंच गए. थानाध्यक्ष नौगढ व थानाध्यक्ष चकिया ने पुलिस टीम के साथ घेरेबंदी कर अभियुक्तों को आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन आरोपित फिर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे. पुलिस ने भी गोली का जवाब गोली से दिया और दोनों आरोपितों के पैर में गोली लग गई. इससे जमीन पर गिरकर कराहने लगे. पुलिस ने सरकारी पिस्टल बरामद करने के साथ ही आरोपितों को प्राथमिक इलाज के लिए सीएचसी नौगढ में भर्ती कराया.

गिरफ्तार आरोपित अभियुक्त अभिषेक यादव उर्फ पुच्चू पुत्र बलिन्दर और सुनील यादव पुत्र बच्चा यादव नौगढ़ के जयमोहनी पोस्ता के रहने वाले हैं. एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि कोर्ट ले जाते समय अभियुक्तों ने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग की. पुलिस की ओर से आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में दोनों अभियुक्तों को गोली लगी है. उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनके उपचार के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा.