समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनी फरियादियों की समस्या, निस्तारण के दिए निर्देश
चंदौली : जिले के शहाबगंज थाना में शनिवार को जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया. इस अवसर पर फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी. जिसमें पुलिस और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई हुई. इस दौरान राजस्व के 87 व पुलिस सम्बंधित 13 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए. वही प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए तत्काल संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया गया.

फरियादियों की समस्याओं का गुणदोष के आधार पर निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे ने फरियादियों द्वारा दी गई शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण और गुणदोष के आधार पर निस्तारण का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी, और ऐसे मामलों से सम्बंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. साथ ही राजस्व कर्मियों एवं थाना प्रभारी को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील एवं थाना से शिकायतों को चिन्हित कर टीम गठित करते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण हो.

पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों की गंभीरता पर दिया जोर
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने शिकायत पंजिका का अवलोकन किया. साथ ही पुराने पंजीकृत प्रार्थना पत्रों की प्रकरणों में गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं के समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे. थाना समाधान दिवस के दौरान तहसीलदार, थाना प्रभारी शहाबगंज सहित अन्य राजस्व व पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.


















