20 वर्षों से बंद कुलाबा नाली खुली, प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में हटवाया अवरोध, किसानों को मिली सिंचाई की राहत, वर्षों पुराना विवाद हुआ समाप्त

123

20 वर्षों से बंद कुलाबा नाली खुली, प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में हटवाया अवरोध, किसानों को मिली सिंचाई की राहत, वर्षों पुराना विवाद हुआ समाप्त

चंदौली : चकिया तहसील क्षेत्र के उसरी गांव में पिछले करीब 20 वर्षों से बंद पड़ी महत्वपूर्ण कुलाबा नाली को प्रशासन ने शनिवार को पुलिस बल की मौजूदगी में खुलवा दिया। नाली खुलने के साथ ही क्षेत्र के किसानों की वर्षों पुरानी सिंचाई की समस्या का समाधान हो गया, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

बताया जाता है कि कुलाबा नाली के बंद होने के कारण खेतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा था। इससे किसानों को हर फसल सीजन में भारी परेशानी उठानी पड़ती थी और खेती की लागत बढ़ने के साथ पैदावार भी प्रभावित हो रही थी। लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग की जा रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार देवेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार आरिफ खान तथा चकिया कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान लेखपालों की टीम और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे अभियान के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रही।

प्रशासन की सक्रियता, सूझबूझ और सख्त रुख के चलते वर्षों से चला आ रहा विवाद शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। अधिकारियों की मौजूदगी में नाली से अवरोध हटाकर जल निकासी एवं सिंचाई का मार्ग सुचारु कर दिया गया।

नाली खुलने के बाद क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली और प्रशासन की त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई की सराहना करते हुए अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि अब खेतों तक समय पर पानी पहुंचने से खेती करना आसान होगा और फसलों की पैदावार में भी वृद्धि होगी।