आईआईटी (बीएचयू) वाराणसी में पहली बार गैर-शैक्षणिक कर्मचारी फोरम का चुनाव सम्पन्न, गोपाल यादव बने अध्यक्ष

14

आईआईटी (बीएचयू) वाराणसी में पहली बार गैर-शैक्षणिक कर्मचारी फोरम का चुनाव सम्पन्न, गोपाल यादव बने अध्यक्ष

वाराणसी : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू), वाराणसी के इतिहास में पहली बार गैर-शैक्षणिक कर्मचारी फोरम (Non-Teaching Employees Forum) का लोकतांत्रिक चुनाव सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। संस्थान के ग्रुप-बी एवं ग्रुप-सी के लगभग 400 स्थायी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया।

इस चुनाव में विभिन्न पदों के लिए कुल 21 प्रत्याशी मैदान में थे। मतदान के बाद घोषित परिणामों में गोपाल यादव अध्यक्ष, विभूति नारायण उपाध्यक्ष, धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय सचिव, नवनीत पाण्डेय कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए।

वहीं सदस्य पद पर तकनीकी वर्ग से अजय पटेल एवं अंजनय कुमार, जबकि लिपिक वर्ग से अतुल गुप्ता और रवि गर्ग को कर्मचारियों ने अपना प्रतिनिधि चुना।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फोरम कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, सेवा संबंधी मुद्दों के प्रभावी निस्तारण तथा उनके अधिकारों एवं कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने संस्थान प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का भी संकल्प व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि देश के अधिकांश आईआईटी संस्थानों में गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के फोरम या यूनियन वर्षों से सक्रिय हैं, जो कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करते हैं। इन संस्थानों के निर्वाचित प्रतिनिधियों में से ही अखिल भारतीय स्तर पर ऑल इंडिया आईआईटी एम्प्लाइज यूनियन के पदाधिकारियों का चयन किया जाता है। यह संगठन समय-समय पर देश के विभिन्न आईआईटी परिसरों में बैठकें आयोजित कर कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करता है तथा उनके हितों के संरक्षण और सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयासरत रहता है।

आईआईटी (बीएचयू) में पहली बार सम्पन्न हुए इस चुनाव को कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है। कर्मचारियों ने आशा व्यक्त की है कि नवगठित फोरम उनकी आवाज़ को मजबूती से उठाते हुए संस्थान के विकास और कर्मचारी कल्याण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगा।