सीएम योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी से भड़का आक्रोश, मुगलसराय में मौलाना अब्दुल्लाह सलीम का पुतला फूंका

132

सीएम योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी से भड़का आक्रोश, मुगलसराय में मौलाना अब्दुल्लाह सलीम का पुतला फूंका

चंदौली : बिहार के मौलाना अब्दुल्लाह सलीम द्वारा योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की मां पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर जनपद चंदौली में भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को यह विरोध प्रदर्शन पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर (Pandit Deen Dayal Upadhyaya Nagar) (मुगलसराय) में देखने को मिला, जहां भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. के.एन. पाण्डेय के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मौलाना अब्दुल्लाह सलीम का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता हाथों में “मौलाना अब्दुल्ला सलीम मुर्दाबाद” लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे और जोरदार नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने “मुर्दाबाद”, “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरे इलाके को गुंजायमान कर दिया। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गर्म रहा और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि किसी भी जनप्रतिनिधि या उनकी मां के खिलाफ इस तरह की अभद्र टिप्पणी करना बेहद निंदनीय और अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा समाज में नफरत फैलाने का काम करती है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मौलाना अब्दुल्लाह सलीम की तस्वीर लगे पुतले को पहले चप्पलों से पीटा और फिर लाठी-डंडों से वार करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। इसके बाद पुतले को आग के हवाले कर दिया गया। पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस मौके पर डॉ. के.एन. पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की मां के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पूरे समाज का अपमान है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की टिप्पणी करने की हिम्मत न कर सके।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस प्रशासन भी मौके पर सतर्क रहा, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न पैदा हो।