वार्षिकोत्सव में निखरी बच्चों की प्रतिभा, अतिथियों ने की सराहना
चंदौली : चहनिया क्षेत्र के खोनपुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय में शनिवार को शिक्षा चौपाल, वार्षिकोत्सव एवं खेल उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और खेलकूद का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां छात्र-छात्राओं की प्रतिभा ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र प्रताप सहाय एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तैल चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद नोडल शिक्षक संकुल अवधेश कुमार मौर्य ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षा पर आधारित लोकगीत, भजन-कीर्तन तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
मुख्य अतिथि सुरेन्द्र प्रताप सहाय ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाती है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इससे शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है और बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
विशिष्ट अतिथि बनवारी पाण्डेय ने कहा कि विद्यालय ही वह आधार है, जहां से समाज और राष्ट्र निर्माण की नींव रखी जाती है। ऐसे आयोजनों से बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाएं निखर कर सामने आती हैं और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में प्रधान आशुतोष कुमार सिंह, एआरपी सर्वेशनंदन त्रिपाठी, दीपक कुमार, रणविजय सिंह, रामकुंवर सिंह यादव, फैसल उमर, राकेश पाण्डेय, प्रधान यशवंत कुशवाहा, जयराम शास्त्री, प्रधानाध्यापक काशीनाथ सिंह सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं मीरा सिंह, निर्मला देवी, शुभा देवी, नेहा यादव, श्रेया द्विवेदी, वेद प्रकाश, पूनम मिश्रा, अनिल कुमार मौर्य, राजेश कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान बृजमोहन कुशवाहा ने की, जबकि संचालन आत्मप्रकाश पाण्डेय द्वारा किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला, जिससे विद्यालय परिवार की सराहना की गई।


















