पवन सिंह की अलग रह रही पत्नी ज्योति सिंह ने भरा नामांकन, बोलीं, “अब जनता ही मेरी पार्टी है”
पटना : भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह की अलग रह रही पत्नी ज्योति सिंह ने अब सियासत का रुख कर लिया है। उन्होंने काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। नामांकन के समय ज्योति सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, “अब जनता ही मेरी पार्टी है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी राजनीतिक दल या गठबंधन के सहारे नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और आशीर्वाद के साथ चुनावी मैदान में उतर रही हैं।
हलफनामे में 18.8 लाख रुपये की संपत्ति का खुलासा
नामांकन के साथ दाखिल हलफनामे में ज्योति सिंह ने अपनी कुल संपत्ति 18.8 लाख रुपये बताई है। इसमें करीब 14 लाख रुपये की 2024 मॉडल ग्रैंड विटारा कार, लगभग चार लाख रुपये मूल्य का 30 ग्राम सोना (मंगलसूत्र, चेन और अंगूठी) और 80 हजार रुपये नकद शामिल हैं। ज्योति सिंह ने यह भी उल्लेख किया कि पिछले पांच वर्षों में उनकी संपत्ति में कोई वृद्धि नहीं हुई है।
पवन सिंह के पास 16.75 करोड़ से अधिक की संपत्ति
वहीं उनके पति और भोजपुरी स्टार पवन सिंह की संपत्ति 16.75 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। उन पर एक करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज भी है।
पवन सिंह के आयकर रिटर्न के अनुसार, उन्होंने वित्त वर्ष 2022-23 में लगभग 51 लाख रुपये की आय दर्ज की थी। पिछले पांच सालों में उनकी वार्षिक आय 16 लाख से 51 लाख रुपये के बीच रही है।
हलफनामे में खुद को बताया “परित्यक्त महिला”
अपने नामांकन पत्र में ज्योति सिंह ने वैवाहिक स्थिति के कॉलम में खुद को “परित्यक्त महिला” बताया है। खास बात यह रही कि उन्होंने पति का नाम लिखने के बजाय केवल इतना लिखा “एक प्रसिद्ध भोजपुरी कलाकार” यह उल्लेख उनके निजी जीवन के चल रहे विवादों की झलक देता है, जो अब राजनीतिक मंच तक पहुंच चुका है।
पवन-ज्योति विवाद बना सार्वजनिक मुद्दा
कुछ समय पहले एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें पुलिस, ज्योति सिंह को पवन सिंह के आवास में प्रवेश करने से रोकती नजर आई थी। इसके बाद उन्होंने पवन सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। पवन सिंह ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था “लोग मुझे सुपरस्टार कहते हैं, लेकिन मैं भी एक इंसान हूं। कृपया मेरी निजी जिंदगी का सम्मान करें।”
काराकाट में दिलचस्प हो सकता है मुकाबला
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले यह खबर आई थी कि पवन सिंह भी काराकाट से चुनाव लड़ सकते हैं, हालांकि बाद में उन्होंने इस बात से इनकार कर दिया।
अब उनकी पत्नी ज्योति सिंह के मैदान में उतरने से काराकाट सीट पर मुकाबला और रोचक हो गया है।
बिहार की इस सीट पर अब जनता यह देखेगी कि ग्लैमर और जनभावना की जंग में कौन जीतता है – राजनीति या रिश्तों की कहानी।













