अयोध्या में मिली हार पर भाजपा ने शुरू किया मंथन, प्रदेश अध्यक्ष के साथ बैठकों में हो रही समीक्षा
लखनऊ : नव्य और भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद भी अयोध्या की प्रतिष्ठापरक फैजाबाद लोकसभा सीट पर इस चुनाव में मिली पराजय पर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने मंथन शुरू कर दिया है. खुद प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बुधवार को यहां पहुंचे. सबसे पहले उन्होंने मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की.
इसमें जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी के साथ मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा और संगठन के अन्य स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक में बूथ स्तर पर काम करने वाले पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से जमीनी हकीकत जानने की कोशिश की गई. इन सब से अलग-अलग बिंदुवार सवाल पूछे गए. इसके जवाब के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष ने हार की वजहों को तलाशने का प्रयास किया.
मिल्कीपुर की बैठक करने के बाद प्रदेश अध्यक्ष सर्किट हाउस आएंगे. यहां पर लंच करने के बाद बीकापुर विधानसभा क्षेत्र की बैठक सहादतगंज स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय पर करेंगे. यहीं से वे फिर सर्किट हाउस जाएंगे और शाम पांच बजे अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे. प्रदेश अध्यक्ष चौधरी आज यहीं पर रात्रि विश्राम करेंगे. बृहस्पतिवार को रुदौली और दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र की बैठक होगी.
फैजाबाद लोकसभा सीट में अयोध्या के चार विधानसभा क्षेत्र बीकापुर, मिल्कीपुर, रुदौली और अयोध्या शामिल हैं. जबकि दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र पड़ोसी जिले बाराबंकी का हिस्सा है. मिल्कीपुर में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा भाजपा के अवध क्षेत्र के प्रभारी कमलेश मिश्र, ब्रज क्षेत्र के प्रभारी दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे.















