नौ कन्याओं का पूजन कर कराया भोजन, महिलाओं की रही सक्रिय भागीदारी
चंदौली : नवरात्रि के समापन अवसर पर बलुआ बाजार में बुधवार को श्रद्धा और भक्ति के बीच कन्या पूजन का भव्य आयोजन किया गया। समाजसेवी राकेश गुप्ता ने यह कार्यक्रम आयोजित कर नौ कन्याओं और भैरव स्वरूप बालक का विधिवत पूजन-अर्चन किया। परिसर “जय माता दी” के उद्घोष से गूंज उठा। लोगों ने कन्याओं के चरण पखारे, आरती उतारी और पूजन कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए। तत्पश्चात कन्याओं को प्रसाद स्वरूप भोजन कराया गया।
कन्या पूजन से मिलती है आत्मशांति
इस अवसर पर राकेश गुप्ता ने कहा कि “कन्या पूजन केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि समाज को यह संदेश देने का माध्यम भी है कि नारी शक्ति ही सृष्टि की आधारशिला है। नवरात्र में नौ देवियों की उपासना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, प्रबल शक्ति और आत्मशांति का संचार होता है।”
महिलाओं की रही विशेष उपस्थिति
आयोजन में महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। शीला, उर्मिला, पार्वती, सविता, धर्मावती, प्रियंका सहित क्षेत्र की अनेक महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर कन्याओं का पूजन किया और नवरात्रि समापन पर माता रानी से सुख-समृद्धि एवं समाज की उन्नति की प्रार्थना की।
भक्ति से सराबोर रहा वातावरण
पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर रहा। आरती व पूजन के समय उपस्थित श्रद्धालु माता रानी के भजनों पर झूम उठे। कन्याओं को भोजन कराते समय हर कोई उन्हें देवी स्वरूप मानकर सेवा भाव से शामिल हुआ। लोगों ने इसे धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।









