जिम संचालक हत्याकांड में वांछित आरोपी गिरफ्तार, देशी तमंचा और कारतूस बरामद

64

जिम संचालक हत्याकांड में वांछित आरोपी गिरफ्तार, देशी तमंचा और कारतूस बरामद

चंदौली : मुगलसराय पुलिस ने बहुचर्चित जिम संचालक अरविंद यादव हत्याकांड में वांछित एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश पटेल (22 वर्ष), पुत्र प्रेमनाथ पटेल, निवासी सिकटिया परशुरामपुर के रूप में हुई है।

जिम संचालक हत्याकांड में मौजूद रहने की कबूली बात

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को GRP बैरक के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर घेराबंदी की गई। इस दौरान सतीश को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस मिला। पूछताछ में सतीश ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वह अरविंद यादव हत्याकांड के दिन घटनास्थल पर मौजूद था, हालांकि उसने गोली नहीं चलाई। उसने यह भी माना कि बरामद तमंचा और कारतूस वारदात के दिन भी उसके पास थे।

रोहित के बुलावे पर पहुंचा था सतीश

सतीश ने बताया कि हत्या के दिन उसे रोहित यादव ने काजू की दुकान पर बुलाया था। वहां से वह और अन्य लोग मोटरसाइकिल से पहले अरविंद यादव के घर पहुंचे, लेकिन अरविंद घर पर नहीं मिला। इसके बाद वे सीधे उनके जिम पर पहुंचे, जहां घटना को अंजाम दिया गया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार, चौकी प्रभारी रेलवे कॉलोनी, हेड कांस्टेबल अरविंद यादव और कांस्टेबल अभिषेक कुमार शामिल थे। पुलिस अब आरोपी से अन्य फरार साथियों और हत्या की पूरी साजिश के बारे में पूछताछ कर रही है।