परस्पर तबादले में 29 शिक्षक कार्यमुक्त

265

परस्पर तबादले में 29 शिक्षक कार्यमुक्त

रायबरेली : बेसिक शिक्षा विभाग में परिषदीय विद्यालयों के 74 शिक्षकों के पारस्परिक अंतरजपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया चल रही है. जिलें के 29 शिक्षक कार्यमुक्त कर दिए गए. इनकी जगह अभी महज 15 शिक्षकों ने आकर ज्वॉइन किया है. कार्यमुक्त होने का काम शनिवार तक पूरा हो जाएगा, जबकि इनकी जगह पर संबंधित जिलों से आने वाले शिक्षकों को कार्यभार ग्रहण करने के लिए सोमवार तक का समय दिया गया है.

विद्यालय 25 जून से खुलेंगे, इसके पहले तबादले की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. ग्रीष्मकालीन अवकाश में होने वाले पारस्परिक तबादलों के लिए इस जिले के 201 शिक्षकों ने आवेदन किया था, लेकिन फाइनल सूची आई तो 74 शिक्षक चयनित किए गए. वजह यह कि इन 74 शिक्षकों के ही पेयर (जोड़ा) बन पाए हैं. बाकी आवेदकों को परस्पर तबादले वाला साथी नहीं मिल पाने से निराशा हाथ लगी. जिन 74 शिक्षकों का तबादला हुआ है, उन्हें कार्यमुक्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.

ब्लाक स्तर से पत्रावलियां बीएसए दफ्तर पहुंच रही हैं, जहां अभिलेखों की छानबीन के बाद कार्यमुक्त किया जा रहा है. पहले दिन 29 अध्यापकों को कार्यमुक्त कर दिया गया. बाकी शिक्षक शनिवार को कार्यमुक्त होंगे. जिन शिक्षकों का जिस जिले के लिए तबादला हुआ है, उनके स्थान पर उन्हीं जिलों से शिक्षक स्थानांतरित होकर यहां आएंगे. इसलिए शिक्षकों के आने का सिलसिला भी शुरू हो गया है. पहले दिन 15 शिक्षकों ने बीएसए दफ्तर पहुंचकर ज्वॉइनिंग की. इन शिक्षकों के सभी अभिलेखों का भी परीक्षण किया गया. बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह ने अभिलेखों के परीक्षण की जिम्मेदारी तीन बीईओ बृजलाल, अश्विनी गुप्ता, धर्म प्रकाश और डीसी अविलय सिंह को सौंपी है. जिला समन्वयक (एमआईएस) अविलय सिंह ने बताया कि 29 शिक्षक रिलीव हुए हैं और 15 शिक्षकों ने ज्वॉइन किया है। सोमवार तक प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.