लगातार बढ़ रहा गंगा का पानी, उफनती गंगा का रौद्र रूप देख ग्रामीण सहमे
चंदौली : गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है. जिसके कारण तटवर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों में एक बार फिर डर का माहौल व्याप्त है. माना जा रहा है कि इसी तरह गंगा का पानी बढ़ता रहा तो एक सप्ताह में गंगा नदी के तटवर्ती गांवों में पानी प्रवेश करने लगेगा. चहनियां क्षेत्र के पश्चिम वाहिनी घाट बलुआ में टीनशेड में बना श्मशान स्थल भी आधा डूब गया है.

गंगा का पानी गांवो की तरफ अपना रुख करने को आतुर
बता दें कि उफनती गंगा ने अपना रौद्र रूप दिखाना प्रारंभ कर दिया है. जिससे तटवर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत बना हुआ है. वही गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से गंगा कटान के साथ जहरीले जानवरों खतरा बढ़ गया है. बलुआ स्थित गंगा घाट पर बने टीन शेड में श्मशान स्थल भी आधा डूब गया है. साथ ही पुराना चेंजिग रूम भी डूब गया है. उधर टांडा स्थित घटवारी माता मंदिर के पास गंगा का पानी पहुंच गया है. वही अब गंगा का पानी गांवो की तरफ अपना रुख करने के लिए आतुर है.

झुग्गी झोपड़ी में गुजर बसर करने वाले अपना सामान सिमट रहे
एक बार फिर से गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण सहजौर, रौना, कुरहना, कैली, भुपौली, कांवर, महुअरिया, बिसुपुर, महुआरी खास, सराय, बलुआ, महुअर कलां, हरधन जुड़ा, विजयी के पूरा, गणेश पूरा, टांडा, बड़गांवा, तिरगांवा, भूसौला, हसनपुर, नादी, सहेपुर, दिया, पसहटा, हिंगुतर गढ़, बुढेपुर, नौघड़ा, नरौली, अमादपुर, प्रहलादपुर, नगवां, चोचकपुर, महुंजी आदि गांवों के ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है. साथ ही गंगा किनारे बसे झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले अपना सामान सिमटने लगे है.


















