सेंटरिंग के पटरे से सिर पर हमला करने का आरोप, वारदात में प्रयुक्त पटरा बरामद

22

सेंटरिंग के पटरे से सिर पर हमला करने का आरोप, वारदात में प्रयुक्त पटरा बरामद

चन्दौली : मुगलसराय थाना पुलिस ने जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सेंटरिंग का पटरा भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर को गोपालपुर निवासी मोहम्मद गालिब ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि टेंगरा मोड़-जिवनाथपुर रोड स्थित हमीदपुर गांव में एक चिकन की दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी सत्यम उर्फ लम्बू से दिलीप पुत्र पारस का विवाद और गाली-गलौज हो रहा था। आरोप है कि मोहम्मद गालिब के बीच-बचाव करने पर दिलीप ने पास में रखे सेंटरिंग के पटरे से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुगलसराय थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 30 अक्टूबर को पटनवां तिराहे के पास से आरोपी दिलीप सिंह उर्फ अजय सिंह निवासी हमीदपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान घटनास्थल के पास से वारदात में प्रयुक्त सेंटरिंग का पटरा भी बरामद कर कब्जे में लिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक सूरज रावत और हेड कांस्टेबल सनोज सिंह शामिल रहे।