“हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” से गूंजा चहनियां, कुपोषण मुक्त ब्लॉक का लिया संकल्प
चंदौली : चहनियां ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अरुण जायसवाल रहे, जबकि अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी चहनियां जावेद अख्तर ने की। कार्यक्रम का मुख्य विषय “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रहा। इस दौरान क्षेत्र को कुपोषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया। मुख्य अतिथि ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी कराई।
ब्लॉक प्रमुख अरुण जायसवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों में कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उनका नियमित वजन, स्वास्थ्य परीक्षण और दवा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सरकार की ओर से मिलने वाली पंजीरी, दलिया सहित अन्य पोषण सामग्री पात्र लाभार्थियों को समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि गांव में एक भी बच्चा कुपोषित न रहे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
इसी क्रम में आईसीडीएस सभागार में समूह सखियों के लिए बाल संरक्षण विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। महिला विकास विभाग, एनआरएलएम एवं मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में हुए प्रशिक्षण में महिला विकास विभाग की सेंट्रल मैनेजर मुश्कान ने बाल संरक्षण और हेल्पलाइन नंबर 1098, 1090 व 181 की जानकारी दी। काउंसलर अर्चना ने महिला हिंसा के मामलों में 1090 हेल्पलाइन के उपयोग के बारे में बताया।

जिला समन्वयक मनोज मिश्रा ने ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, बाल सेवा योजना और स्पॉन्सरशिप योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों के परिवारों को समूहों से जोड़कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन कृष्ण कुमार ने किया, जबकि समापन बीएमएम आशीष गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी मनोज कुमार गौतम, शीतल गुप्ता, बेबी पाण्डेय, अंजनी, निर्मला, सुषमा, ऊषा सहित 76 समूह सखियां उपस्थित रहीं।


















