चकिया पीजी कॉलेज में विज्ञान भवन निर्माण को मिली मंजूरी, बीएससी की पढ़ाई भी होगी शुरू
चंदौली : चकिया क्षेत्र के उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। सावित्रीबाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चकिया में विज्ञान भवन के निर्माण की स्वीकृति मिलने के साथ ही महाविद्यालय में बी.एससी. (विज्ञान स्नातक) की पढ़ाई शुरू करने की भी मंजूरी प्रदान कर दी गई है। इस निर्णय से चकिया एवं नौगढ़ क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण विज्ञान शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप महाविद्यालय को यह महत्वपूर्ण सौगात मिली है। अब तक विज्ञान वर्ग में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को वाराणसी, मिर्जापुर अथवा अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे आर्थिक एवं सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विज्ञान भवन के निर्माण और बीएससी पाठ्यक्रम की शुरुआत से विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। छात्रों, अभिभावकों एवं बुद्धिजीवियों ने इसे चकिया के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए विधायक कैलाश आचार्य के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि यह निर्णय ग्रामीण अंचल के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा और क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा।


















