सावन से पहले कालेश्वर महादेव मंदिर पहुंची पुलिस, एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक और रेलवे क्रॉसिंग पर विशेष इंतजाम के निर्देश

46

सावन से पहले कालेश्वर महादेव मंदिर पहुंची पुलिस, एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक और रेलवे क्रॉसिंग पर विशेष इंतजाम के निर्देश

चंदौली : आगामी सावन माह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए चंदौली पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सकलडीहा स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध श्री कालेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सावन माह, विशेषकर प्रत्येक सोमवार को लगभग 20 से 25 हजार महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, क्राउड मैनेजमेंट और यातायात संचालन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एसपी ने पुलिस, राजस्व एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिकेडिंग, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

मंदिर रेलवे स्टेशन के निकट होने के कारण रेलवे ट्रैक और भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग को संवेदनशील मानते हुए वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि रेलवे लाइन के आसपास किसी भी दुर्घटना या अव्यवस्था की आशंका को रोकने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई है।

जीआरपी के साथ समन्वय स्थापित कर रेलवे ट्रैक के समीप पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, जबकि जिला पुलिस के जवान भी संवेदनशील स्थलों पर मुस्तैद रहेंगे।

भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर सावन के दौरान लगने वाले जाम से निपटने के लिए भी विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की जाएगी। रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं और आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि “सावन का पावन पर्व जनपद चंदौली में पूर्ण सुरक्षा, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों एवं सुरक्षा बलों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।”

चंदौली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि दर्शन के दौरान अनुशासन बनाए रखें, निर्धारित कतारों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि सभी के सहयोग से सावन पर्व सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।