सिल्वर बेल्स स्कूल में योग का महाआयोजन, आयुष मंत्री ने जलाया स्वास्थ्य और संस्कार का दीप
चंदौली : जिले के चकिया स्थित सिल्वर बेल्स स्कूल में शुक्रवार को सीबीएसई ईस्ट जोन योगासन मीट-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 17 से 20 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु गुरु’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि क्षेत्रीय विधायक कैलाश खरवार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में योग और भारतीय संस्कृति की गरिमा को दर्शाते हुए रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का विद्यालय परिवार ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्य अतिथि डॉ. दयाशंकर मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तो वे न केवल स्वस्थ रहेंगे, बल्कि पढ़ाई में एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित होगी। उन्होंने योग के वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया तथा स्वास्थ्य संबंधी कई उपयोगी सुझाव भी दिए।
विशिष्ट अतिथि विधायक कैलाश खरवार ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने सिल्वर बेल्स स्कूल परिवार को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुषमा जायसवाल, नगर पंचायत चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक चौहान, विद्यालय के प्रबंधक प्रभात जायसवाल, अनुपमा अग्रवाल, संचालक देवेश देव, संगीता यादव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


















