कार की टक्कर से महिला की मौत, भांजा घायल, बैंक जाने के दौरान हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां कस्बा स्थित सब्जी मंडी के सामने सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भांजा घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा कार चालक और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार पपौरा गांव निवासी रीना देवी (34) पत्नी डीएम कुमार अपने बहन के बेटे गोलू कुमार (22) निवासी खोर, थाना सकलडीहा के साथ बाइक से बलुआ स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा पैसा निकालने जा रही थीं। चहनियां कस्बा में सब्जी मंडी के पास सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रीना देवी सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बाइक चला रहा गोलू भी दूर जा गिरा।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रीना देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल गोलू का उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका अपने पीछे आठ वर्षीय पुत्र चमन और चार वर्षीय पुत्री चांदनी को छोड़ गई हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


















