चंदौली में कड़ी सुरक्षा के बीच सकुशल संपन्न हुई नीट परीक्षा, 1784 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 116 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
चंदौली : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) रविवार को जनपद चंदौली में पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के कुशल निर्देशन एवं प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्थाओं के चलते परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था, गड़बड़ी अथवा अनुचित गतिविधि की सूचना नहीं मिली। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता बनी रही।
रविवार सुबह परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। निर्धारित समय से काफी पहले ही छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ केंद्रों पर पहुंच गए थे। केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई। मेटल डिटेक्टर, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्रों की सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दलों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, नियंत्रण कक्षों तथा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। केंद्र व्यवस्थापकों और पर्यवेक्षकों को भी परीक्षा संचालन संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए थे।
जिले में कुल 1900 परीक्षार्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए आवंटित किया गया था। इनमें से 1784 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 116 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा तथा अन्य सुविधाएं बेहतर थीं।
प्रशासन की सतर्कता और समन्वित प्रयासों के कारण पूरे जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अधिकारियों ने इसे सफल आयोजन बताते हुए सभी संबंधित विभागों, केंद्र व्यवस्थापकों, पुलिस प्रशासन एवं कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की।


















