6 साल के मासूम कार्तिक का कातिल निकला किशोर! 24 घंटे में चन्दौली पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

236

6 साल के मासूम कार्तिक का कातिल निकला किशोर! 24 घंटे में चन्दौली पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

चंदौली : जनपद के धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत करजरा गांव में 6 वर्षीय मासूम कार्तिक सिंह की निर्मम हत्या की सनसनीखेज घटना का चन्दौली पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल 15 वर्षीय बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना का खुलासा होने के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

कंपोजिट विद्यालय में मिला था शव

पुलिस के अनुसार, मृतक कार्तिक सिंह पुत्र कृष्णा सिंह निवासी ग्राम करजरा 31 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद उसका शव गांव स्थित कम्पोजिट विद्यालय करजरा परिसर में मिला था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया था तथा पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई थी।

चुगली करने को लेकर की हत्या

मृतक की मां कंचन सिंह ने थाना धीना में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पड़ोसी राजेश सिंह का भांजा, जो कुछ दिन पहले अपने मामा के घर आया था, उनके घर भी आता-जाता था। इस दौरान वह कार्तिक से अक्सर झगड़ा करता था। आरोप है कि 26 मई को बाल अपचारी ने कंचन सिंह के मोबाइल से चोरी-छिपे तीन हजार रुपये अपने मित्र के खाते में भेज दिए थे। इस घटना की जानकारी कार्तिक ने अपनी मां को दे दी थी, जिसके बाद बाल अपचारी को डांट पड़ी और उसे पैसे वापस करने पड़े।

बताया गया कि इसी बात को लेकर वह कार्तिक से बेहद नाराज था। उसने गुस्से में कई बार कार्तिक को धमकी भी दी थी कि उसकी चुगली करने का अंजाम उसे भुगतना पड़ेगा।

हत्या की साजिश रचकर वारदात को दिया गया अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि 31 मई को बाल अपचारी ने मोबाइल पर गेम और कार्टून दिखाने का लालच देकर कार्तिक को घर से बुलाया और गांव के शिव मंदिर के पास ले गया। कुछ समय बाद जब आसपास सुनसान हो गया तो वह कार्तिक को कम्पोजिट विद्यालय करजरा के परिसर में ले गया। वहां उसने मासूम का मुंह दबा दिया और उसके सीने पर चढ़कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक धीना दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल 15 वर्षीय बाल अपचारी को जनौली तिराहे और एसडी पब्लिक स्कूल के बीच से पुलिस अभिरक्षा में ले लिया।

पुलिस पूछताछ में बाल अपचारी ने कबूला जुर्म

पूछताछ में बाल अपचारी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि कार्तिक द्वारा उसकी शिकायत किए जाने और डांट पड़ने के कारण वह उससे बदला लेना चाहता था। इसी वजह से उसने हत्या की योजना बनाई और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बाल अपचारी के कब्जे से एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इस संबंध में थाना धीना पर मु0अ0सं0 43/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर अपराधों के प्रति पुलिस पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।