गंगा का जलस्तर बढ़ा, टांडा-कैथी घाट की मुफ्त नाव सेवा अनिश्चितकाल के लिए बंद

24

गंगा का जलस्तर बढ़ा, टांडा-कैथी घाट की मुफ्त नाव सेवा अनिश्चितकाल के लिए बंद

चंदौली : गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और तेज होते बहाव को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर टांडा-कैथी घाट पर संचालित सरकारी मुफ्त नाव सेवा को शनिवार, 22 अगस्त की दोपहर 12 बजे से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया। यह व्यवस्था गंगा का जलस्तर सामान्य होने तक प्रभावी रहेगी।

घाट दरोगा दीना सिंह ने बताया कि ऊपरी बांधों से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। नदी की धारा भी काफी तेज हो गई है, जिससे नाव के बहाव की चपेट में आने और किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नाव संचालन पर तत्काल रोक लगाई गई है।

बताया गया कि जलस्तर बढ़ने के बावजूद अब तक बड़ी संख्या में यात्री बिना जीवन रक्षक जैकेट के नाव से गंगा पार कर रहे थे। बाढ़ के मौसम में तेज बहाव के बीच सुरक्षा उपकरणों के बिना नदी पार करना बेहद जोखिमपूर्ण है। ऐसे में प्रशासन ने संभावित हादसे को रोकने के लिए नाव सेवा बंद करने का निर्णय लिया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंगा का जलस्तर और बहाव सामान्य होने के बाद ही नाव सेवा दोबारा शुरू की जाएगी। तब तक यात्रियों से नदी पार करने के लिए किसी भी जोखिमपूर्ण साधन का इस्तेमाल न करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।