बंद कुएं में जहरीली गैस से तीन की मौत, समरसेबल निकालने उतरे थे चार लोग

219

बंद कुएं में जहरीली गैस से तीन की मौत, समरसेबल निकालने उतरे थे चार लोग

चंदौली : शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। लंबे समय से बंद पड़े कुएं में समरसेबल पंप निकालने के लिए उतरे चार लोग जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह सभी को कुएं से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य व्यक्ति का उपचार चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया।

बताया जा रहा है कि शनिवार को किड़हिरा गांव में एक बंद कुएं से समरसेबल पंप निकालने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति कुएं के अंदर उतरा, लेकिन कुछ ही देर में वह जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। उसे बचाने के प्रयास में एक के बाद एक तीन अन्य लोग भी कुएं में उतर गए। कुएं के भीतर मौजूद जहरीली गैस ने उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया और चारों लोग बेहोश होकर गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने तत्काल राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों को कुएं से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक व्यक्ति का उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली तथा बचाव और राहत कार्य की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर कुएं में जहरीली गैस होने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रशासन ने लोगों से बंद, गहरे कुओं अथवा ऐसे स्थानों में बिना सुरक्षा इंतजाम के प्रवेश नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि बंद कुओं में जहरीली गैस जमा होने की आशंका रहती है, इसलिए किसी भी व्यक्ति को स्वयं कुएं में उतरने के बजाय प्रशिक्षित बचाव दल की मदद लेनी चाहिए।