अस्सी घाट से चोरी अपाचे के साथ युवक गिरफ्तार, छह माह बाद खुला राज
चन्दौली : मुगलसराय पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब पांच-छह माह पूर्व वाराणसी के अस्सी घाट के पास से चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शुक्रवार को एंबीशन स्कूल, दांडी के पास मुख्य मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुगलसराय की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने टार्च की रोशनी देकर चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान फरदीन शाह पुत्र स्वर्गीय गुलजार शाह, निवासी कटेसर, थाना मुगलसराय, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी और जांच के दौरान उसके कब्जे से अपाचे मोटरसाइकिल संख्या यूपी 66 जे 0727 बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उक्त मोटरसाइकिल उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर करीब पांच-छह माह पहले वाराणसी के अस्सी घाट के पास से चोरी की थी। इसके बाद दोनों बारी-बारी से मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर रहे थे। आरोपी ने बताया कि वह मुगलसराय में अपने एक दोस्त से मिलने के बाद पड़ाव की ओर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
बरामद मोटरसाइकिल काले रंग की अपाचे है, जिसका चेसिस नंबर एमडी634केई48ए2एच00455 बताया गया है। मामले में थाना मुगलसराय में मुकदमा अपराध संख्या 427/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार, मुख्य आरक्षी रितेश सिंह और आरक्षी अभिषेक मौर्या शामिल रहे।


















