चंदौली में दर्दनाक हादसा, बाइक स्लीपर से टकराई, युवक की मौत, साथी गंभीर
चंदौली : सकलडीहा कस्बे के पास सोमवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक विशाल राजभर की मौत हो गई, जबकि उसका मित्र विष्णु सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कुचमन रेलवे स्टेशन के समीप उस समय हुआ, जब उनकी बाइक रेल पटरी के स्लीपर से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, तेंदूईपुर गांव निवासी विशाल राजभर अपने दोस्त विष्णु सोनकर के साथ रात करीब 9 बजे बाइक से मुगलसराय की ओर एक निमंत्रण में शामिल होने जा रहा था। कुचमन स्टेशन के पास मोड़ पर अचानक बाइक असंतुलित हो गई और रेल पटरी के स्लीपर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एंबुलेंस द्वारा सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने विशाल की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, घायल विष्णु सोनकर का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सकलडीहा कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।


















